साडा कन्या की रासेयो इकाई ने दिया स्वच्छता का संदेश,राम जानकी मंदिर परिसर में किया स्वच्छता अभियान

कोरबा। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं भारतीय जनता पार्टी शक्ति केंद्र मुड़ापार, वार्ड क्रमांक-29 के संयुक्त तत्वावधान में राम जानकी मंदिर, बुधवारी परिसर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और नागरिकों को अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक वाई.के. तिवारी, भैंसमा कॉलेज के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एस.के. साहू, साडा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह, कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती सविता पाठक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

स्वच्छता अभियान में साडा कन्या विद्यालय की एनएसएस स्वयंसेविका छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

इस दौरान कोरबा नगर मंडल मंत्री एवं शक्ति केंद्र मुड़ापार के संयोजक राजेन्द्र सिंह राजपूत, नवीन जायसवाल, विशाल चौहान, राधिका श्रीवास, प्रमिला चौहान, संगीत साव, इंदु देवी, स्मिता सिंह, सुमन जायसवाल एवं भरत कुमार यादव सहित अन्य लोगों की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में योगदान देना चाहिए।

अभियान के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में स्वच्छता का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।