मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण 

जनवरी तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर

कोरबा। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने सोमवार को ग्राम भूलसीडीह स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर के विभिन्न विभागों, लेक्चर हॉल, अकादमिक ब्लॉक तथा डीन कार्यालय का अवलोकन कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज में विकसित की जा रही क्लिनिकल एवं पैरा-क्लिनिकल प्रयोगशालाओं, एनाटॉमी और फिजियोलॉजी विभाग सहित अन्य आवश्यक अधोसंरचनाओं की जानकारी मंत्री को दी।

मंत्री श्री देवांगन ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण परियोजना का कार्य अगले वर्ष जनवरी तक हर हाल में पूर्ण किया जाए, ताकि जिले के विद्यार्थियों और नागरिकों को इसका लाभ मिल सके।

इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। कोरबा जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भी उसी विकास दृष्टि का परिणाम है, जो क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेगा।

उन्होंने मेडिकल कॉलेज परियोजना को जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए इसके लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान महापौर संजुदेवी राजपूत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश नाग, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।