जनदर्शन में दिव्यांग यश गोस्वामी को त्वरित राहत,कलेक्टर ने दिलाई व्हीलचेयर

कोरबा। जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण किया जा रहा है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज जनदर्शन में प्राप्त एक दिव्यांग बच्चे की समस्या का तत्काल समाधान कर प्रशासन की संवेदनशीलता का उदाहरण प्रस्तुत किया।

करतला विकासखंड के ग्राम तुमान निवासी व्यास गोस्वामी ने जनदर्शन में अपने 13 वर्षीय दिव्यांग पुत्र यश गोस्वामी के लिए व्हीलचेयर उपलब्ध कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। बच्चे को चलने-फिरने में काफी कठिनाई हो रही थी।

आवेदन मिलते ही कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मामले को गंभीरता से लिया और समाज कल्याण विभाग को तुरंत व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निर्देश के अनुसार यश गोस्वामी को तत्काल व्हीलचेयर उपलब्ध करा दी गई।

हितग्राही यश गोस्वामी एवं उनके परिजनों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया।

जनदर्शन कार्यक्रम के जरिए जरूरतमंदों तक योजनाओं और सुविधाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान की प्रशासन की प्रतिबद्धता एक बार फिर सामने आई है।