कोरबा। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के शहरी एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं, मांगों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान पंचायतों में विकास कार्य, ई-रिक्शा उपलब्ध कराने, ट्रांसफार्मर अपग्रेडेशन, शौचालय एवं आवास निर्माण, मोबाइल टॉवर स्थापना, भूमि एवं राजस्व विवाद, वनाधिकार पट्टा, प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि भुगतान, पीएम किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड, सीमांकन, खाता विभाजन, विद्युत व्यवस्था में सुधार एवं पेयजल आपूर्ति सहित विभिन्न विषयों से जुड़े कुल 141 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जाए तथा प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर शीघ्र राहत प्रदान की जाए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेंद्र कुमार पटेल, ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर टी.आर. भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

