विश्व रक्तदाता दिवस पर लगा रक्तदान शिविर, रक्तदाताओं ने निभाई मानवता की जिम्मेदारी

प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति नियमित करें रक्तदान : रामसिंह

कोरबा। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जेसीआई कोरबा सेंट्रल एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में एमजेएम हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानव सेवा और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन राम सिंह अग्रवाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष योगेश जैन, राजेन्द्र प्रसाद तिवारी, राजेश बागड़िया एवं अनिल अग्रवाल मौजूद रहे।

इस अवसर पर राम सिंह अग्रवाल ने कहा कि “रक्तदान महादान है, जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम बनता है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।” वहीं डॉ. प्रिंस जैन ने रक्तदान को समाज के प्रति सबसे बड़ा नि:स्वार्थ योगदान बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ने की अपील की।

शिविर के दौरान रक्तदाताओं का सम्मान प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया गया। आयोजन को सफल बनाने में प्रोजेक्ट डायरेक्टर अभिषेक अग्रवाल, को-प्रोजेक्ट डायरेक्टर सीए सौरभ अग्रवाल, कोऑर्डिनेटर आशीष अग्रवाल, उत्कर्ष अग्रवाल, जेसीआई अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ बजाज सहित अनेक सदस्यों और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।