99.78 लाख की लागत से सड़क डामरीकरण का भूमिपूजन,उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन व महापौर संजुदेवी राजपूत ने किया शुभारंभ

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन अंतर्गत रविशंकर नगर में श्री मेडिको से दादर नाला पुल तक बनने वाली बिटुमिन सड़क एवं डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन रविवार को संपन्न हुआ। लगभग 99 लाख 78 हजार रुपये की लागत से होने वाले इस निर्माण कार्य का शुभारंभ प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर संजूदेवी राजपूत ने भूमिपूजन पट्टिका का अनावरण और नारियल फोड़कर किया।

यह सड़क निर्माण कार्य एसईसीएल के सीएसआर मद से कराया जाएगा। कार्यक्रम में मंत्री लखनलाल देवांगन ने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में कोरबा निगम क्षेत्र में लगभग 1000 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों के डामरीकरण और जीर्णोद्धार का कार्य लगातार कराया जा रहा है, जिससे नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।

महापौर संजुदेवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम के सभी 67 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

वार्ड पार्षद अब्दुल रहमान ने सड़क निर्माण कार्य के लिए मंत्री एवं महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बरसात से पहले सड़क का निर्माण होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल,वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, पार्षद सुनीता चौहान, प्रफुल्ल तिवारी, अजय विश्वकर्मा, युवराज चंद्रा, पवन वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।