कोरबा। नगर पालिक निगम क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। उद्योग,वाणिज्य,श्रम,आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर संजूदेवी राजपूत ने 36 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से बनने वाली जलप्रदाय योजना विस्तार कार्य का भूमिपूजन किया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से स्वीकृत की गई है।
योजना के अंतर्गत 20 एमएलडी क्षमता का जल उपचार संयंत्र, इमलीडुग्गू में 12.60 लाख लीटर, दादरखुर्द में 22.50 लाख लीटर तथा रूमगरा में 10.80 लाख लीटर क्षमता के उच्च स्तरीय जलागार (ओवरहेड टैंक) बनाए जाएंगे। इसके साथ ही 15.3 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी।
परियोजना पूर्ण होने पर इमलीडुग्गू, मोतीसागरपारा, भिलाईखुर्द, बरबसपुर, कर्रानाला, मानिकपुर, रूमगरा, ढेलवाडीह, खरमोरा, दादरखुर्द और बेलगिरी बस्ती सहित कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बेहतर होगी। विशेष रूप से लो-प्रेशर की समस्या से जूझ रहे इलाकों को राहत मिलेगी। योजना से निगम क्षेत्र की लगभग 60 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
इमलीडुग्गू गौमाता चौक में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डीएमएफ के माध्यम से विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि इस योजना के पूरा होने के बाद पानी की कमी वाले वार्डों और बस्तियों में पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित होगी तथा नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि यह परियोजना कोरबा की पेयजल व्यवस्था में मील का पत्थर साबित होगी और आने वाले वर्षों में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

