कोरबा। पूर्व बालको मंडल अध्यक्ष एवं भाजपा नेता शिव बालक सिंह तोमर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से शहर में हड़कंप मच गया था।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे शिव बालक सिंह तोमर अपने भतीजे से मुलाकात करने जिला जेल पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात रज्जाक अली से हुई। बताया जा रहा है कि रज्जाक ने उन्हें उनके भतीजे से दूरी बनाए रखने और उसका साथ नहीं देने की नसीहत दी, जिस पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर रज्जाक अली और उसके साथियों ने मिलकर शिव बालक सिंह तोमर पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने लोहे की रॉड, डंडे और बेसबॉल स्टिक से उनके घुटने के नीचे पैर पर ताबड़तोड़ वार किए। घटना के दौरान तलवार मंगाने की बात भी सामने आई है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
गंभीर रूप से घायल शिव बालक सिंह तोमर को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मामले में रज्जाक अली सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है तथा घटना में प्रयुक्त हथियारों और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

