KORBA BREAKING: चंद्रमणि हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी कुनाल साहू गिरफ्तार

पत्रकार से बलवा और बलगी डकैती कांड में भी निकली संलिप्तता, बोलेरो वाहन जब्त

कोरबा। बहुचर्चित चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू हत्याकांड में कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में मुख्य आरोपी राजेन्द्र साहू उर्फ कुनाल साहू (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जांच में आरोपी की संलिप्तता बालगी डकैती कांड के साथ-साथ पत्रकार से जुड़े बलवा प्रकरण में भी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार 6-7 जून 2026 की दरम्यानी रात चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू को बोलेरो वाहन से गंभीर चोट पहुंचाई गई थी। गंभीर रूप से घायल चंद्रमणि की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद थाना कोतवाली में हत्या का मामला दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने मामले की जांच करते हुए 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की।

तकनीकी साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपी कुनाल साहू की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी योगेन्द्र बघेल उर्फ योगी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक CG-12 BD-5025 भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी उसी दिन थाना बाकीमोंगरा क्षेत्र के बलगी डकैती कांड में भी शामिल था। इस मामले में पूर्व में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है तथा घटना में प्रयुक्त वेन्यू कार और स्कूटी भी जब्त की जा चुकी है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर जांच कर रही है।