कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम छुरीकला स्थित प्रसिद्ध गणेश तालाब में सफाई अभियान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब से जलकुंभी हटाने के कार्य में लगे 50 वर्षीय मजदूर श्यामलाल सारथी की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत छुरीकला द्वारा गणेश तालाब की सफाई का कार्य ठेके के माध्यम से कराया जा रहा था। इसी दौरान श्यामलाल सारथी अपने पांच साथियों के साथ तालाब में उतरकर जलकुंभी हटाने का काम कर रहा था। सफाई करते-करते वह तालाब के मध्य भाग तक पहुंच गया, जहां जलकुंभी और कीचड़ की परत अत्यधिक घनी थी।
बताया जा रहा है कि काम के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। घनी जलकुंभी में फंस जाने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया। साथी मजदूरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तालाब की गहराई और कीचड़ के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और कोरबा से गोताखोरों की टीम बुलाई गई। लगभग दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने तालाब के बीच हिस्से से श्यामलाल सारथी का शव बरामद किया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने सफाई कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मजदूरों को बिना लाइफ जैकेट, सुरक्षा रस्सी और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के तालाब में उतारा गया था। ग्रामीणों का मानना है कि यदि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होती तो इस हादसे को रोका जा सकता था।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

