कोरबा। जिले में मछलियों के प्रजनन काल को सुरक्षित रखने के लिए 16 जून से 15 अगस्त तक सभी नदी-नालों, तालाबों और जलाशयों में मछली पकड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। मत्स्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों पर 25 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा तथा उपयोग में लाए गए जाल, नाव और अन्य उपकरण भी जब्त किए जा सकते हैं।
मत्स्य विभाग के अनुसार वर्षा ऋतु मछलियों के प्रजनन और अंडे देने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। इस दौरान मत्स्याखेट से मछलियों की संख्या और जल स्रोतों की जैव विविधता प्रभावित होती है। इसी कारण छत्तीसगढ़ नदीय मत्स्योद्योग अधिनियम के तहत हर वर्ष दो माह का बंद सीजन घोषित किया जाता है।
प्रतिबंध अवधि में जिले के सभी नदी-नालों और उनसे जुड़े जलाशयों में मछली पकड़ना, खरीद-बिक्री करना और परिवहन करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि ऐसे छोटे तालाब और जल स्रोत, जिनका किसी नदी या नाले से सीधा संबंध नहीं है, इस प्रतिबंध से बाहर रहेंगे। वहीं केज कल्चर के माध्यम से किए जा रहे मत्स्य पालन पर भी यह नियम लागू नहीं होगा।
मत्स्य विभाग ने बताया कि नियमों के पालन के लिए विशेष निगरानी अभियान चलाया जाएगा। विभागीय टीमों द्वारा लगातार गश्त और औचक निरीक्षण किए जाएंगे।
अधिकारियों ने मछुआरा समितियों और मत्स्य पालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि प्रजनन काल में मछलियों का संरक्षण भविष्य में बेहतर उत्पादन सुनिश्चित करेगा।
विभाग ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है।
यदि कोई व्यक्ति प्रतिबंधित अवधि में मछली पकड़ते, बेचते या परिवहन करते हुए दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल मत्स्य विभाग अथवा निकटतम पुलिस थाने को देने का आग्रह किया गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
