तान नदी पर रिटर्निंग वॉल निर्माण की धीमी रफ्तार से बढ़ी चिंता, बारिश में नुकसान की आशंका

कोरबा। पोड़ी-उपरोड़ा क्षेत्र में तान नदी के किनारे चल रहे रिटर्निंग वॉल निर्माण कार्यों की धीमी गति ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मानसून की दस्तक के बीच निर्माण कार्य अधूरा रहने से पहली ही बड़ी बाढ़ में संरचनाओं को नुकसान पहुंचने और सरकारी धन की बर्बादी की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार पोड़ी-उपरोड़ा स्थित मुक्ति धाम के पास जल संसाधन विभाग (डेम विभाग) द्वारा नदी कटाव रोकने के लिए रिटर्निंग वॉल का निर्माण कराया जा रहा है।

वहीं पोड़ी-लेपरा मुख्य मार्ग पर बाढ़ से क्षतिग्रस्त हिस्से की सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग भी रिटर्निंग वॉल का निर्माण कर रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों परियोजनाओं में कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। निर्माण स्थलों पर पर्याप्त मजदूर और मशीनें नहीं होने के कारण समय पर कार्य पूरा होने को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। हर वर्ष तान नदी में आने वाली तेज बाढ़ और कटाव को देखते हुए लोग आशंकित हैं कि अधूरा निर्माण बारिश के दौरान बह सकता है।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्यों की स्वीकृति देर से मिलने के कारण काम शुरू होने में विलंब हुआ, लेकिन अब उपलब्ध समय में तेजी से कार्य पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता के साथ समय सीमा में कार्य पूर्ण कराया जाए। लोगों का कहना है कि मानसून के दौरान तान नदी की बाढ़ ही इन निर्माण कार्यों की मजबूती और विभागीय तैयारियों की असली परीक्षा होगी।