छुईढोड़ा में 11 फीट लंबे किंग कोबरा का सफल रेस्क्यू, जंगल में छोड़ा गया

कोरबा। कोरबा वनमंडल के पसरखेत रेंज अंतर्गत ग्राम छुईढोड़ा में उस समय हड़कंप मच गया जब एक विशालकाय 11 फीट लंबा किंग कोबरा एक घर में घुस आया। जहरीले सांप को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर वन विभाग और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित तरीके से किंग कोबरा का रेस्क्यू किया।

रेस्क्यू अभियान में टीम सदस्य जितेंद्र सारथी और सीनियर फील्ड ऑफिसर सिद्धांत जैन ने विशेष सावधानी बरतते हुए किंग कोबरा को पकड़ा। स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद उसे उसके प्राकृतिक वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया। रेस्क्यू के दौरान सरपंच किशन कुमार राठिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव ने बताया कि कोरबा जिले में अब तक 50 से अधिक किंग कोबरा का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया जा चुका है। यह मानव और वन्यजीवों के बीच बेहतर सहअस्तित्व का उदाहरण है।

कोरबा में ही मिलते हैं किंग कोबरा
वन विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में किंग कोबरा की उपस्थिति केवल कोरबा जिले के वन क्षेत्रों में दर्ज की गई है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट, देहरादून द्वारा इस दुर्लभ प्रजाति की संख्या और व्यवहार पर अध्ययन भी किया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि किंग कोबरा की मौजूदगी स्वस्थ जंगलों और समृद्ध जैव विविधता का संकेत है।

वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उन्हें नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें। तत्काल वन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1926 या रेस्क्यू टीम को सूचना दें।