कोरबा। जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसके बावजूद नशे में वाहन चलाने के मामलों में कमी नहीं आ रही है। वर्ष 2026 में जनवरी से अब तक कोरबा पुलिस ने 911 ऐसे वाहन चालकों को पकड़ा है, जो शराब के नशे में वाहन चला रहे थे। इन सभी मामलों में न्यायालयीन कार्रवाई के तहत कुल 91 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नशे में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा है। इसी को देखते हुए एडिशनल एसपी लखन पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, ट्रैफिक डीएसपी डी.के. सिंह और निरीक्षक तेज यादव के निर्देशन में जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।
नेशनल हाईवे-130, कोरबा-कटघोरा मार्ग तथा रांची रोड सहित प्रमुख मार्गों पर नियमित रूप से वाहन चालकों की जांच की जा रही है।
अभियान के दौरान एल्कोमीटर की सहायता से शराब सेवन की जांच की गई। जिन वाहन चालकों में निर्धारित सीमा से अधिक अल्कोहल पाया गया, उनके खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि प्रत्येक मामले में 10 हजार रुपये का जुर्माना निर्धारित है और सभी प्रकरण न्यायालय भेजे गए हैं।
हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन बना ट्रैफिक पुलिस का हथियार
पिछले वर्ष गृह विभाग द्वारा कोरबा पुलिस को आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन उपलब्ध कराया गया था। यह वाहन अत्याधुनिक तकनीक से लैस है और ओवरस्पीडिंग, ट्रैफिक नियम उल्लंघन तथा अन्य यातायात अपराधों की निगरानी करने में सक्षम है।
पुलिस का कहना है कि नई तकनीक के उपयोग से नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी कार्रवाई संभव हो रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
