67 वार्डों की निगरानी के लिए वार्ड प्रभारी नियुक्त, समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

कोरबा।नगर पालिक निगम कोरबा के 67 वार्डों में नागरिक सुविधाओं की निगरानी और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने 67 वार्ड प्रभारियों की नियुक्ति की है। सचिव नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशों के पालन में यह व्यवस्था लागू की गई है।

शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त श्री पाण्डेय ने वार्ड प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने वार्डों में निगम की “आंख और कान” की भूमिका निभाएं।

वार्डों में स्वच्छता, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सड़क, नाली, राजस्व वसूली, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा विकास कार्यों की सतत निगरानी कर समस्याओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं और उनके समाधान की प्रक्रिया सुनिश्चित करें।

बैठक में वार्ड क्रमांक 1 से 67 तक के प्रभारियों द्वारा किए गए निरीक्षणों की समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न वार्डों में साफ-सफाई, बड़े नालों की स्थिति, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, निर्माण कार्यों की प्रगति और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई।

आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों और जोन कमिश्नरों को निर्देशित किया कि वार्ड प्रभारियों द्वारा दी गई जानकारी पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करें, ताकि जनसमस्याओं का शीघ्र निराकरण हो सके।

‘कनेक्ट टू कमिश्नर’ से सीधे दर्ज कराएं शिकायत
जनसमस्याओं के समाधान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निगम द्वारा ‘कनेक्ट टू कमिश्नर’ पहल भी संचालित की जा रही है।

इसके तहत जारी मोबाइल नंबर 94060-04300 पर नागरिक सफाई, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, पेयजल सहित निगम से जुड़ी अन्य शिकायतें एवं सुझाव सीधे आयुक्त तक पहुंचा सकते हैं।

आयुक्त श्री पाण्डेय ने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है और वार्ड प्रभारियों की सक्रिय भूमिका से समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।