बोलेरो की टक्कर से एएसआई के पुत्र की मौत, समाज में आक्रोश

आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं,समाज ने किया ऐलान

कोरबा। बुधवारी बाइपास में हुए सनसनीखेज हिट एंड रन मामले में गंभीर रूप से घायल एएसआई रामनारायण रात्रे के पुत्र चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों, शुभचिंतकों और सतनामी समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। समाज ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार 6-7 जून की दरमियानी रात बुधवारी बाइपास क्षेत्र में अज्ञात बोलेरो सवारों ने चंद्रमणि रात्रे और उसके साथी का पीछा किया तथा बीच सड़क पर उसे टक्कर मार दी।

आरोप है कि वाहन से कुचलने के बाद भी हमलावरों ने उसके साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल चंद्रमणि को पहले कोरबा में प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां जांच में शरीर की कई हड्डियों के टूटने और गंभीर आंतरिक चोटों की पुष्टि हुई।

स्थिति गंभीर होने पर उसे रायपुर स्थित रामकृष्ण मिशन अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों के साथ समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई।

सतनामी समाज के पदाधिकारियों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने कहा कि यह कोई सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हमला प्रतीत होता है। समाज ने प्रशासन और पुलिस से दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। समाज के लोगों ने ऐलान किया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

मामले को लेकर पुलिस जांच जारी है। घटना के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं युवक की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।