बारिश में तेज रफ्तार हाइवा बना हादसे की वजह, स्वराज माजदा सड़क से उतरी

रिस्दी-भैंसमा रिंग रोड पर देर रात दुर्घटना, चालक- परिचालक सुरक्षित

कोरबा। रिस्दी-भैंसमा रिंग रोड पर देर रात हुई एक सड़क दुर्घटना में स्वराज माजदा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार हाइवा के दबाव में आने से यह हादसा हुआ। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और वाहन में सवार चालक व परिचालक सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड पर रात लगभग 11 बजे यह घटना हुई। चांपा से कोरबा की ओर आ रही स्वराज माजदा क्रमांक CG- 12 BH- 8339 खाली अवस्था में थी। वाहन चालक ने बताया कि उस समय हल्की बारिश हो रही थी और सड़क पर यातायात का दबाव भी बना हुआ था।

चालक के मुताबिक, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक हाइवा वाहन के कारण उसे अपनी गाड़ी सड़क के किनारे की ओर ले जानी पड़ी। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और स्वराज माजदा सड़क के बाहरी हिस्से में जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे में चालक और परिचालक को कोई चोट नहीं आई।

घटना की सूचना मिलने पर संबंधित लॉजिस्टिक कंपनी द्वारा ब्रेकडाउन सर्विस को बुलाया गया। शुक्रवार सुबह रेस्क्यू एवं रिकवरी ऑपरेशन चलाकर वाहन को सुरक्षित हटाने की कार्रवाई की गई।

स्थानीय लोगों ने रिंग रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण और बारिश के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता जताई है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।