प्रशासन की सख्ती: एनएच-130 पर तीन मकानों पर चला बुलडोजर, सड़क निर्माण में बाधा हटाई

कोरबा। जिला प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण और विकास कार्यों में बाधा बन रहे निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर बुलडोजर अभियान चलाया। इस दौरान कनकी-तरदा मुख्य मार्ग पर शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया गया, वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के सुतर्रा-जुरली मार्ग पर सड़क निर्माण में बाधक बने तीन मकानों को ध्वस्त किया गया।

बरपाली तहसीलदार सत्यपाल राय के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कनकी-तरदा मार्ग पर कार्रवाई की। शिकायत मिली थी कि सिंचाई विभाग की शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मकान और दुकानें बनाकर कब्जा किया गया है। प्रशासन के अनुसार कुछ लोगों द्वारा भूमि की प्लाटिंग कर खरीद-बिक्री भी की जा रही थी।

मामले में पहले ही करीब 85 मकान मालिकों को नोटिस जारी किया गया था। कार्रवाई के दौरान तीन मकान और दुकानें हटाई गईं।

हालांकि कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।

कानून-व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल अभियान स्थगित कर दिया है। तहसीलदार सत्यपाल राय ने स्पष्ट किया कि शेष अतिक्रमणों को भी जल्द हटाया जाएगा।

इधर, राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर सुतर्रा-जुरली के बीच लंबे समय से रुके सड़क निर्माण कार्य को गति देने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। कम मुआवजा मिलने की शिकायत के कारण कुछ परिवार मकान खाली नहीं कर रहे थे।

प्रशासन का दावा है कि प्रभावित परिवारों को एक सप्ताह पूर्व मुआवजा राशि का भुगतान कर दिया गया था, इसके बावजूद मकान खाली नहीं किए गए। इसके बाद तीन मकानों को बुलडोजर से हटाया गया।

प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटने से राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य अब तेजी से आगे बढ़ सकेगा। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।