स्वनिधि योजना बनी छोटे व्यापारियों के लिए संबल, बिना गारंटी मिल रही आर्थिक सहायता
कोरबा। नगर निगम कोरबा के कोसाबाड़ी जोन कार्यालय में गुरुवार को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत पीएम स्वनिधि महोत्सव शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में शहरी पथ विक्रेताओं एवं हितग्राहियों ने भाग लेकर ऋण एवं विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर महापौर संजूदेवी राजपूत एवं निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उनके ऋण प्रकरणों और लंबित आवेदनों की जानकारी ली।
अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व से लंबित सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना रेहड़ी, ठेला एवं फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बैंकर्स से हितग्राहियों के आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया।
बिना गारंटी मिल रहा ऋण
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत शहरी पथ विक्रेताओं को बिना गारंटी कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया जाता है। योजना के अंतर्गत प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, इसके बाद 25 हजार रुपये और फिर 50 हजार रुपये तक का ऋण 7 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी के साथ दिया जाता है। साथ ही डिजिटल लेन-देन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से भी हितग्राहियों को जोड़ा जा रहा है।
शिविर में पार्षद अशोक चावलानी, अजय गोंड़, चन्द्रकली जायसवाल, पंकज देवांगन, लीड बैंक मैनेजर कृष्ण भगत, जोन कमिश्नर भूषण उरांव सहित विभिन्न बैंक प्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

