अस्पताल में ताला, उपचार के अभाव में मासूम की मौत,ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

कोरबा। जिले के दूरस्थ क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। पसान थाना अंतर्गत कोरबी चौकी क्षेत्र के ग्राम जजगी में हसदेव नदी में डूबे 10 वर्षीय बालक की उपचार के अभाव में मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोरबी में ताला लटका मिला, जिसके कारण मासूम को समय पर इलाज नहीं मिल सका।

जानकारी के अनुसार जजगी निवासी आदित्य मरकाम (10 वर्ष), पिता बुद्ध सिंह मरकाम अपने साथियों के साथ हसदेव नदी में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा काफी प्रयास के बाद उसे नदी से बाहर निकाला।

ग्रामीणों ने प्राथमिक उपचार के तहत उसके शरीर से पानी निकालने की कोशिश की और तत्काल उसे कोरबी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। लेकिन शाम करीब 6 बजे अस्पताल में ताला लटका मिला और कोई भी स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था। इसके बाद गंभीर हालत में बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा ले जाया जाने लगा, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में समय पर डॉक्टर या स्टाफ मौजूद रहता तो शायद बच्चे की जान बचाई जा सकती थी।

इस दर्दनाक घटना ने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामले की सूचना दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।