रेत निकासी पर प्रतिबंध सुनिश्चित, खनिज उड़नदस्ता का छापा: 1 चैन माउंटेन व 3 ट्रेक्टर जब्त

कोरबा। जिले में मानसून अवधि के दौरान नदियों से रेत उत्खनन पर प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए खनिज विभाग ने विशेष अभियान चलाया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में गठित खनिज उड़नदस्ता दलों ने विभिन्न रेत घाटों का औचक निरीक्षण कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया।

अभियान के दौरान जोगीपाली, तरदा, कुदुरमाल, कटबितला, भैंसामुड़ा, गितारी, बगदर, चिचोली, भिलाईखुर्द, चुईया, कछार, घमोटा, धवईपुर, चारपारा और कुदमुरा सहित कई वैध रेत घाटों का निरीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने घाट संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 10 जून से 15 अक्टूबर तक रेत उत्खनन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा और किसी भी प्रकार की गतिविधि पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कुदमुरा रेत घाट में एक चेन माउंटेन मशीन से अवैध उत्खनन करते पाए जाने पर उसे जब्त कर सील कर दिया गया। वहीं भिलाईखुर्द में अवैध रूप से ईंट परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त कर सिटी कोतवाली थाना में रखा गया। इसके अलावा डिंगापुर क्षेत्र में मिट्टी और ईंट के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगे दो ट्रैक्टरों को जब्त कर रामपुर थाना की अभिरक्षा में सौंपा गया।

खनिज विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य मानसून के दौरान नदी तंत्र की सुरक्षा, अवैध खनन पर नियंत्रण और शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों के तहत कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।