पानी टंकी पर चढ़ा युवक, पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर मांगा इंसाफ

कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम नेवसा में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक गांव की पानी टंकी पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक ने पुलिस पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।

जानकारी के अनुसार नेवसा निवासी रफीक मोहम्मद और दीपेश निर्मलकर ने हरदीबाजार थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों युवकों का कहना है कि उन्हें ग्राम सिरली के पास से पकड़कर थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

इसी कथित कार्रवाई से नाराज रफीक मोहम्मद गुरुवार सुबह गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया। तेज बारिश के बावजूद वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए न्याय की मांग करता रहा। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

वहीं, हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि दोनों युवक क्षेत्र में जुआ फड़ संचालित करने की गतिविधियों में शामिल थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें पकड़कर धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की थी।

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। घटना ने पुलिस कार्रवाई और ग्रामीणों के बीच बढ़ते अविश्वास को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।