कोरबा।आरटीओ कार्यालय के सामने वर्षों से संचालित ठेलों और दुकानों को हटाने की आशंका के बीच महापौर संजू देवी राजपूत ने प्रभावित व्यवसायियों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि दुकानों और ठेलों को यथावत रखा जाए अथवा हटाने की स्थिति में पहले उनके पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्थापन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नगर निगम कार्यालय साकेत भवन पहुंचे दुकानदारों और ठेला संचालकों ने महापौर से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई। व्यवसायियों ने कहा कि वे पिछले 12-13 वर्षों से आरटीओ कार्यालय के सामने ऑनलाइन वाहन बीमा, दस्तावेजी कार्य एवं अन्य सेवाएं प्रदान कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। साथ ही आम नागरिकों को भी इन सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
व्यवसायियों ने बताया कि उन्हें तीन दिनों के भीतर दुकानें और ठेले हटाने का नोटिस मिला है। उनका कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के हटाए जाने पर लगभग 25 परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा और कई लोग बेरोजगार हो जाएंगे।
महापौर संजू देवी राजपूत ने व्यवसायियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि इन दुकानों और ठेलों से 100 से अधिक लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित व्यवसायियों को यथास्थान बनाए रखने का हरसंभव प्रयास किया जाए। यदि किसी कारणवश हटाना आवश्यक हो तो पहले उनके लिए वैकल्पिक स्थान और पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाए।
महापौर ने दुकानदारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके साथ न्याय किया जाएगा और उनकी आजीविका प्रभावित न हो, इसके लिए निगम स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान पार्षद अब्दुल रहमान भी मौजूद रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

