पंपहाउस क्षेत्र के रहवासियों को मिली राहत, पार्षद रामकुमार साहू ने की पहल की सराहना
कोरबा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की त्वरित और प्रभावी कार्यप्रणाली का सकारात्मक परिणाम कोरबा के पंपहाउस क्षेत्र में देखने को मिला, जहां लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या से परेशान लोगों को शिकायत दर्ज कराने के महज एक घंटे के भीतर राहत मिल गई।
नगर पालिक निगम क्षेत्र के एसईसीएल वार्ड क्रमांक 16 पंपहाउस निवासी रामकुमार साहू ने क्षेत्र में लगातार हो रही वोल्टेज अप-डाउन की समस्या को लेकर शाम करीब 4 बजे सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही विद्युत विभाग सक्रिय हुआ और मौके पर टीम भेजकर समस्या की जांच की गई।
जांच में 100 केवीए क्षमता वाले वितरण ट्रांसफार्मर के न्यूट्रल में तकनीकी खराबी पाई गई। विभागीय कर्मचारियों ने तत्काल मरम्मत कार्य कर समस्या का समाधान किया। शिकायत दर्ज होने के लगभग एक घंटे बाद शाम 5:09 बजे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था सामान्य हो गई।
समस्या के त्वरित निराकरण से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। शिकायतकर्ता रामकुमार साहू ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 को जनहित में अत्यंत उपयोगी पहल बताते हुए राज्य सरकार और विद्युत विभाग का आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय नागरिकों ने कहा कि यदि ऐसी व्यवस्था पहले से होती, तो उन्हें लंबे समय तक बिजली संबंधी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।
क्षेत्र के लोगों ने उम्मीद जताई कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से अन्य जनसमस्याओं का भी इसी तरह समयबद्ध समाधान होगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

