सड़क पर खड़ी सैकड़ों बाइक जब्त, जाम की समस्या पर सख्ती शुरू
कोरबा। शहर में बढ़ती यातायात अव्यवस्था और जाम की समस्या को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पावर हाउस रोड स्थित पॉम मॉल और ट्रांसपोर्ट नगर-स्टेडियम मार्ग स्थित विशाल मेगा मार्ट के सामने सड़क किनारे खड़ी सैकड़ों दोपहिया वाहनों को जब्त किया। इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े किए गए वाहनों के कारण यातायात बाधित हो रहा था। इससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई बार चेतावनी और समझाइश के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों के मालिकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
पार्किंग की कमी भी बनी वजह
विशाल मेगा मार्ट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में विशेषकर सप्ताहांत के दौरान बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचते हैं। पर्याप्त पार्किंग सुविधा नहीं होने के कारण लोग सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। पुलिस ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी पार्किंग व्यवस्था बेहतर बनाने की सलाह दी है।
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

