वनांचल को मिली विकास की सौगात, लेमरू में सामुदायिक भवन का भूमि पूजन

विमलता में मंझवार समाज के लिए भवन की घोषणा, विधायक फूलसिंह राठिया ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया ने रविवार को दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों का दौरा कर विकास कार्यों को नई गति देने की पहल की। कुटुरूवां, विमलता, बड़गांव और लेमरू सहित विभिन्न गांवों में उनके आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक नृत्य, ढोल-नगाड़ों और पुष्पमालाओं के साथ आत्मीय स्वागत किया।

दौरे के दौरान विधायक ने ग्राम पंचायत लेमरू में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। वहीं ग्राम विमलता में मंझवार समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की, जिससे समाज के लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया।

विधायक फूलसिंह राठिया ने विभिन्न गांवों में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने उनकी संवेदनशीलता और समस्याओं के प्रति गंभीर पहल की सराहना की।

लेमरू के संचार बहार नाला में विधायक ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और वन भोज कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्रवासियों के साथ समय बिताया। इस दौरान विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यों और क्षेत्र की आवश्यकताओं पर भी चर्चा की गई।

विधायक के इस दौरे से पूरे वनांचल क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने कहा कि जनप्रतिनिधि का गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनना और विकास कार्यों की घोषणा करना क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सकारात्मक पहल है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।