अपराध नियंत्रण के लिए जिलेभर में विशेष अभियान, किरायेदारों और लॉजों की हुई जांच
कोरबा। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में विशेष मॉस पेट्रोलिंग एवं मुसाफिर चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रशिक्षु उप निरीक्षकों के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के दौरान किराए के मकानों, लॉज, ढाबों और सार्वजनिक स्थानों पर ठहरे बाहरी व्यक्तियों का गहन सत्यापन किया गया।
अभियान के तहत बाहर से आकर निवास कर रहे लोगों के आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र सहित अन्य वैध दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही उनके निवास, कार्यस्थल और जिले में आने के उद्देश्य की जानकारी भी एकत्रित की गई। पुलिस द्वारा सत्यापन के दौरान प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सत्यापित व्यक्तियों के एसएस रोल तैयार किए जा रहे हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर उनके मूल थाना एवं जिले से चरित्र एवं आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी मंगाई जाएगी। जिन लोगों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, उन्हें चेतावनी देते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जानकारी दी गई और अनावश्यक रूप से जिले में ठहराव या भ्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन और निगरानी का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना अथवा डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

