खेल एवं युवा कल्याण विभाग की पहल, बड़ी संख्या में शामिल हुए साइकिल प्रेमी
कोरबा।अंतरराष्ट्रीय साइकिल दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में कोरबा में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, शारीरिक फिटनेस बनाए रखने और ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
रैली की शुरुआत साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) कोरबा क्षेत्र के वॉलीबॉल ग्राउंड से हुई, जो घंटाघर और सीएसईबी चौक होते हुए पुनः निर्धारित स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। करीब पांच किलोमीटर लंबी इस रैली में बड़ी संख्या में साइकिलिंग प्रेमियों, युवाओं और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारे लगाकर लोगों को नियमित रूप से साइकिल चलाने के लिए प्रेरित किया। आयोजकों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले में अंतरराष्ट्रीय साइकिल दिवस मनाया गया, जिसका उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और प्रदूषण व ईंधन की खपत को कम करना है।
समापन समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि दैनिक जीवन में अधिक से अधिक साइकिल का उपयोग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रक्षित निरीक्षक एआर पैकरा, उप निरीक्षक आरएन रात्रे, ईश्वरी लहरे, मनोज राठौर सहित पुलिस बल के जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी, जिन्होंने पूरे मार्ग में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

