तेज रफ्तार बनी काल: होटल की दीवार से टकराई बाइक, एक की मौत,दूसरा घायल

कोरबा। जिले के अमलडीहा में तेज रफ्तार का एक और जानलेवा हादसा हो गया। अमरकंटक से जमनीपाली (कोरबा) की ओर आ रही हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित श्याम होटल की दीवार से जोरदार टक्कर मार बैठी। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल क्रमांक CG-12BS-6267 पर सवार दो युवक अमरकंटक से आ रहे थे। अमलडीहा पहुंचते ही अत्यधिक गति के कारण चालक वाहन का नियंत्रण खो बैठा और बाइक सीधे होटल की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे में एक युवक को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे युवक को लहूलुहान हालत में स्थानीय लोगों ने तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार और लापरवाही से हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है।