पत्नी के मायके जाने से था तनाव में, मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने दी पुलिस को सूचना
कोरबा।उरगा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मड़वारानी पहाड़ में शनिवार को एक युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या का बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान ग्राम जर्वे निवासी 32 वर्षीय सिमरन कुमार सांडे के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह शनिवार शाम करीब 7 बजे अपनी मोटरसाइकिल से घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह मड़वारानी मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने एक पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका देखा और तत्काल उरगा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल के समीप मृतक की मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों पूर्व मृतक का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी अपने चार वर्षीय पुत्र को लेकर मायके चली गई थी। इसी घटना के बाद से सिमरन मानसिक तनाव में रह रहा था। परिवार ने भी पारिवारिक कलह की बात स्वीकार की है।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

