पीछा करने पर अगवा कर की बेरहमी से पिटाई, हवाई फायरिंग कर फैलाई दहशत; पुलिस जांच में जुटी
कोरबा।एनटीपीसी मार्ग और बलगी मोड़ पर शनिवार देर रात अज्ञात युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। एक मामूली विवाद के बाद दबंगों ने सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) के पुत्र को बोलेरो वाहन से कुचल दिया, जबकि पीछा कर रहे एक मीडिया कर्मी का कथित तौर पर अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने पिस्टलनुमा हथियार से हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई और नगदी व जेवर लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे और पत्रकार जगत में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे बुधवारी बायपास मार्ग पर कुछ युवक अपनी कार के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक सफेद बोलेरो वहां आकर रुकी।
सड़क पर पर्याप्त जगह होने के बावजूद वाहन हटाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान एएसआई रामनारायण रात्रे का पुत्र चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू जैसे ही कार से बाहर निकला, बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार से वाहन बढ़ाकर उसे टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद साहिल निर्मलकर और युवा मीडिया कर्मी अरविंद राठौर स्कूटी से बोलेरो का पीछा करते हुए बलगी मार्ग तक पहुंच गए। आरोप है कि रास्ते में बोलेरो सवारों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। मोटरसाइकिलों से पहुंचे युवकों ने अरविंद राठौर को जबरन कार में बैठा लिया और बलगी क्षेत्र में ले जाकर करीब 25 से 30 लोगों ने लाठी-डंडों से हमला किया। इस दौरान उनकी कनपटी पर पिस्टलनुमा हथियार टिकाकर दो राउंड हवाई फायरिंग भी की गई।
हमलावरों ने अरविंद को अधमरी हालत में बलगी मोड़ के पास छोड़ दिया। आरोप है कि जाते-जाते वे उनकी जेब में रखी लगभग एक लाख रुपये की नकदी, आईफोन, सोने की अंगूठी और चेन भी लूटकर ले गए। कुछ देर बाद होश आने पर उन्होंने दूसरे मोबाइल से अपने साथियों को घटना की जानकारी दी। साथी उन्हें बांकीमोंगरा थाना लेकर पहुंचे, जहां से उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घायल चंद्रमणि रात्रे का भी इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले सहित वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए। पुलिस बुधवारी बायपास से लेकर बलगी मोड़ तक घटनास्थलों का निरीक्षण कर रही है तथा सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

