कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने कोरबा क्षेत्र के विभिन्न खदान क्षेत्रों का दौरा कर माइन क्लोजर से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बांकी मेन माइंस (9 एवं 10), बांकी (7 एवं 8), सुराकाछार (5 एवं 6) तथा एरिया मुख्यालय (एएचक्यू) पहुंचकर भूमि पुनर्वास, हरित विकास, सुरक्षा प्रबंधन और पर्यावरणीय पुनर्स्थापन कार्यों का निरीक्षण किया।
दौरे के दौरान श्री दास ने संबंधित अधिकारियों से माइन क्लोजर योजना के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी ली और कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खदानों के बंद होने के बाद भूमि का पुनर्वास, हरित क्षेत्र का विकास तथा सुरक्षित एवं संतुलित पर्यावरण का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने माइन क्लोजर को पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने तथा सुरक्षा एवं पर्यावरणीय मानकों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कोरबा क्षेत्र के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान माइन क्लोजर परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

