कोरबा।बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में वाहन बुकिंग के बहाने स्कॉर्पियो चालक से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोपियों ने चालक को सुनसान जंगल में ले जाकर उसकी आंखों में मिर्च स्प्रे किया, मारपीट की और पेड़ से बांधकर स्कॉर्पियो सहित नकदी व अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम ढपढप निवासी संजय कुमार केंवट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 जून को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उसे मध्यप्रदेश के सीहोर के लिए वाहन बुकिंग का फोन आया था। अगले दिन दोबारा संपर्क कर बुकिंग की पुष्टि की गई। इसके बाद वह अपनी स्कॉर्पियो लेकर तय स्थान पर पहुंचा, जहां रात करीब साढ़े नौ बजे एक मोटरसाइकिल से तीन युवक आए। दो युवक स्कॉर्पियो में बैठ गए, जबकि तीसरा बाइक से आगे-आगे चलने लगा।
कुछ दूर जाने के बाद आरोपियों ने सुनसान स्थान पर वाहन रुकवाया। बाइक सवार युवक ने चालक की आंखों में मिर्च स्प्रे कर दिया, जबकि अन्य दोनों ने उसके साथ मारपीट कर उसे वाहन से नीचे उतार लिया। इसके बाद तीनों आरोपी उसे भांठा क्षेत्र के जंगल में ले गए और उसके ही गमछे से पेड़ से बांध दिया। आरोपियों ने मोबाइल का पासवर्ड पूछकर स्कॉर्पियो, मोबाइल, पर्स में रखे छह हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन दस्तावेज, स्मार्ट वॉच, ईयरबड्स सहित अन्य सामान लूट लिया।
पीड़ित किसी तरह खुद को छुड़ाकर जंगल से बाहर निकला और ग्राम पुरेना पहुंचकर राहगीरों से मदद मांगी। वहां से परिजनों को सूचना देने के बाद वह बांकीमोंगरा थाना पहुंचा और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर सरहदी जिलों को अलर्ट किया। जांच के दौरान जानकारी मिली कि लूटी गई स्कॉर्पियो चोटिया टोल बैरियर पार कर चुकी है।
अंततः चौकी खड़गवा (जिला सूरजपुर) में लूटी गई स्कॉर्पियो को पकड़ लिया गया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने लूट की बात स्वीकार की। पूछताछ में आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर धारा 61(2)(ए) बीएनएस सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। आगे की जांच जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

