महापौर और युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने की अगुवाई, लोगों को हरित ईंधन अपनाने का आह्वान
कोरबा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कोरबा में “ड्राइव फॉर अर्थ” थीम पर ई-व्हीकल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इसे प्रदेश का अपनी तरह का पहला आयोजन बताया गया, जिसका उद्देश्य हरित ईंधन को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर के नेतृत्व में निकली इस रैली को कलेक्टर कुणाल दुदावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली घंटाघर से प्रारंभ होकर महाराणा प्रताप चौक, टीपी नगर, सीएसईबी चौक होते हुए नगर निगम सभागार पहुंची।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ाकर पारंपरिक ईंधन की खपत कम की जा सकती है, जिससे प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरित एवं स्वच्छ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान भी किया गया।
इस अवसर पर महापौर संजूदेवी राजपूत, विश्वविजय सिंह तोमर, सभापति नूतन सिंह ठाकुर और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरणीय चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी नागरिकों से प्रकृति संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद, निगम अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवी संगठन, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं नागरिक शामिल हुए।
निगम की पहल की सराहना
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के सबसे अधिक वनाच्छादित राज्यों में शामिल है और इस प्राकृतिक धरोहर को संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

