ठेकेदारों को चेतावनी, समय पर काम पूरा नहीं किया तो होगी अनुबंध निरस्ती की कार्रवाई
कोरबा। जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समय सीमा और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
साथ ही, निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण नहीं करने और कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में घरेलू नल कनेक्शन, जलस्रोतों एवं पानी की टंकियों के निर्माण, पाइपलाइन विस्तार और सोलर पंप स्थापना सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाएं तैयार हो चुकी हैं, वहां शीघ्र जलापूर्ति शुरू की जाए तथा चिन्हित जलस्रोतों और पाइप लाइनों को जल्द से जल्द क्रियाशील बनाया जाए।
उन्होंने पानी की टंकियों की फंक्शनल स्थिति सुनिश्चित करने और उनसे नियमित जल आपूर्ति प्रारंभ कराने पर भी जोर दिया। ग्राम पंचायतों में सोलर पंप के माध्यम से घरों तक पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए खराब पड़े सोलर पंपों की सूची तैयार कर त्वरित मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, कार्यपालन अभियंता रमन उरांव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने दोहराया कि जल जीवन मिशन शासन की महत्वपूर्ण योजना है और इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

