सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी, मौके पर छोड़ी चप्पल बनी अहम सुराग
कोरबा। कुसमुंडा क्षेत्र के विकास नगर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में बीती रात अज्ञात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया। चोर छप्पर और फॉल सीलिंग तोड़कर दुकानों के भीतर घुसे। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, विकास नगर स्थित मनोज इलेक्ट्रिकल्स में चोर सीमेंट शीट हटाकर और फॉल सीलिंग तोड़कर अंदर दाखिल हुए। दुकान संचालक मनोज सिंह ने बताया कि चोरों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे के तार काटने का प्रयास किया, लेकिन डीवीआर सुरक्षित रहने से उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं। दुकान से करीब 1,500 रुपये नकद के अलावा ट्रिमर, टॉर्च, बैटरी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया गया।
इसी परिसर में स्थित सौरभ अग्रवाल की डेयरी भी चोरों के निशाने पर रही। सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला। डेयरी संचालक के अनुसार, गल्ले में रखी करीब 7 से 8 हजार रुपये की चिल्लर नकदी गायब थी।
सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक चोरी करते हुए दिखाई दिए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों चप्पल पहनकर दुकान में घुसे थे और भागते समय बिजली कार्यालय की दीवार के पास अपनी चप्पल छोड़ गए, जिसे पुलिस ने अहम सबूत के रूप में जब्त कर लिया है।
थाना प्रभारी मृत्युंजय पाण्डेय ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरी गए सामान की सूची ली गई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन वारदातों के पीछे किसी सक्रिय चोर गिरोह का हाथ हो सकता है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

