सुखरीकला में 588 आवेदन प्राप्त, 144 का मौके पर हुआ निराकरण
कोरबा। विकासखंड करतला के ग्राम सुखरीकला में आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ मिलने से लोगों ने संतोष जताते हुए कहा कि उन्हें जितनी उम्मीद थी, उससे कहीं अधिक सुविधाएं और समाधान प्राप्त हुए।
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अशोक विश्राम कंवर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सरलता से पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से शासन की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिकतम लाभ उठाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण और जल संरक्षण की दिशा में कार्य करने की अपील की।
जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मनोज झा ने भी ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं जनपद पंचायत करतला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैभव कौशिक ने बताया कि शिविर में कुल 588 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 144 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों का परीक्षण कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
शिविर के दौरान कृषि, खाद्य, सहकारिता और पंचायत विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्राम पंचायत रीवांपार और अमलडीहा को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत घोषित करते हुए स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा 10 हितग्राहियों को फूड बॉक्स का वितरण भी किया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

