महंगाई के खिलाफ सीपीआई का प्रदर्शन, 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा

कोरबा। बढ़ती महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ रही कीमतों के विरोध में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की जिला इकाई ने शुक्रवार को आईटीआई तानसेन चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, बिजली दरों सहित अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि पर नाराजगी जताते हुए सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की।

जिला सचिव पवन कुमार वर्मा के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। ज्ञापन में महंगाई पर नियंत्रण, आम जनता को राहत तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।

सीपीआई नेताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती कीमतों से आम और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ गया है तथा गरीब तबके के लिए रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने और जनहित में ठोस कदम उठाने की मांग की।

धरना-प्रदर्शन में धर्मेंद्र तिवारी, एन.के. दास, श्याम बिहारी बनाफर, लालमन सिंह, सुनील सिंह, सुग्रीव यादव, रामू केवट, नरेश खुटे, अजीत सिंह, विजयलक्ष्मी चौहान, सरिता चौहान, रीमा तिवारी, उषा वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।