कोरबा। कटघोरा मुख्य मार्ग पर छुरी के समीप गुरुवार को एक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रेलर आगे चल रहे दूसरे ट्रेलर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे वाले ट्रेलर का हेल्पर केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा कड़ी मशक्कत के बाद घायल को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार दोनों ट्रेलर कोरबा से कटघोरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे चल रहे ट्रेलर के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने वाले ट्रेलर को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और यातायात प्रभावित होने लगा। कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के निर्देशन में पुलिस ने पहले ट्रैफिक व्यवस्था संभाली और फिर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। आरक्षक भुवनेश्वर प्रजापति, डायल-112 के चालक संगम श्रीवास्तव तथा स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे तक बचाव कार्य चलाया गया।
हेल्पर के केबिन में बुरी तरह फंस जाने के कारण उसे निकालना आसान नहीं था। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए दूसरी गाड़ी की सहायता से क्षतिग्रस्त हिस्से को टोचन कर खींचा, जिसके बाद घायल को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। उसे तत्काल डायल-112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

