कोरबा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने पर्यावरण संरक्षण और भावनात्मक जुड़ाव को नई दिशा देते हुए बालको टाउनशिप में ‘स्मृति उद्यान’ की शुरुआत की। बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार सिंह ने फीता काटकर उद्यान का शुभारंभ किया और इसके बाद 100 से अधिक प्रतिभागियों ने अमलतास के पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर बालको के वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन पदाधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। ‘स्मृति उद्यान’ की अवधारणा के तहत प्रत्येक पौधा किसी प्रियजन की स्मृति, प्रेरणा और भावनाओं को समर्पित किया गया है, जिससे प्रकृति और मानवीय संवेदनाओं का अनूठा संगम स्थापित हो सके।
सीईओ राजेश कुमार सिंह ने कहा कि स्मृति उद्यान केवल पौधारोपण अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और सतत भविष्य के निर्माण की दिशा में एक दीर्घकालिक पहल है। उन्होंने कहा कि यहां लगाया गया हर पौधा अपने साथ एक कहानी और एक याद संजोए रखेगा।
कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण करने वाले सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र और पौधों की देखभाल के लिए जैविक खाद भी वितरित की गई। बालको प्रबंधन ने बताया कि बीते तीन महीनों में टाउनशिप के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 4 हजार पौधों का रोपण किया जा चुका है, जिनमें बोगनवेलिया और पेंसिलवेनिया के पौधे प्रमुख हैं।
बालको की यह पहल पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देते हुए एक हरित एवं टिकाऊ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

