शीतल जल, नींबू जलजीरा और शरबत से प्रतिदिन सैकड़ों लोग हो रहे लाभान्वित
कोरबा। भीषण गर्मी और उमस के बीच द्वारिका नगरी सामाजिक विकास ट्रस्ट द्वारा संचालित ‘मानव सेवा जल केंद्र’ लोगों के लिए राहत का प्रमुख केंद्र बन गया है। एसपी कार्यालय के सामने सरनिया होटल के पास स्थापित इस सेवा केंद्र में प्रतिदिन सैकड़ों राहगीरों, ग्रामीणों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को निःशुल्क शीतल पेयजल, नींबू जलजीरा और शरबत उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक प्याऊ संचालित करने की अपील के बाद नगर पालिक निगम कोरबा के सहयोग से नौतपा के दौरान इस सेवा की शुरुआत की गई थी। नौतपा समाप्त होने के बाद भी क्षेत्र में गर्मी और उमस का असर बरकरार है, जिसके चलते ट्रस्ट ने जनसेवा अभियान को जारी रखा है।
प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित इस जल केंद्र का लाभ एसपी कार्यालय, कलेक्टर कार्यालय, जिला एवं सत्र न्यायालय, सिविल लाइन थाना, स्टेट बैंक सहित आसपास के विभिन्न सरकारी और निजी कार्यालयों में आने वाले लोग उठा रहे हैं। वहीं जनपद पंचायत और जिला पंचायत कार्यालयों में कार्य से आने वाले दूरस्थ ग्रामीणों के लिए भी यह केंद्र राहत का बड़ा साधन साबित हो रहा है।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि लगातार बढ़ रही गर्मी और लोगों की आवश्यकता को देखते हुए यह सेवा फिलहाल जारी रखी गई है। उनका कहना है कि जब तक मौसम में राहत नहीं मिलती, तब तक मानव सेवा जल केंद्र के माध्यम से आमजन की सेवा का यह अभियान निरंतर चलता रहेगा।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण बताया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

