पर्यावरण नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई, 4 प्रतिष्ठानों से प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त

कोरबा।विश्व पर्यावरण दिवस से पहले नगर निगम और पर्यावरण संरक्षण मंडल ने संयुक्त अभियान चलाकर शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इतवारी बाजार क्षेत्र में किए गए निरीक्षण के दौरान चार प्रतिष्ठानों से प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई और उन पर कुल 13 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

निरीक्षण के दौरान गौरव ट्रेडर्स, कोरबा डिस्पोजल, सागर ट्रेडर्स और शुभम प्लास्टिक में प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग, डिस्पोजल सामग्री एवं अन्य प्लास्टिक उत्पादों का उपयोग और भंडारण पाया गया। नगर निगम के वरिष्ठ स्वच्छता अधिकारी डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त कर संबंधित प्रतिष्ठानों पर अर्थदंड लगाया गया।

अधिकारियों ने व्यापारियों को चेतावनी दी कि प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग एवं डिस्पोजल सामग्री के उपयोग, बिक्री और भंडारण से बचें, अन्यथा भविष्य में और सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान में पर्यावरण अधिकारी रोहित सिंह सहित निगम और पर्यावरण संरक्षण मंडल की संयुक्त टीम मौजूद रही।