कोरबा। सुशासन तिहार 2026 के तहत पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत मुड़ापार में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल थे। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा शोभा जगत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित मांग एवं शिकायतों के कुल 1065 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 238 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों का परीक्षण कर शीघ्र निराकरण करने का आश्वासन अधिकारियों ने दिया।
विभागीय स्टॉलों के माध्यम से हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। जनपद पंचायत पाली के अंतर्गत एक हितग्राही को राशन कार्ड, एक को पेंशन स्वीकृति आदेश, तीन दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र तथा एक हितग्राही को वॉकिंग स्टिक वितरित की गई। इसके साथ ही नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।
विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित के मामलों में संवेदनशीलता और समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिविर में क्लस्टर क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

