कोरबा। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में चौकी सीएसईबी रामपुर पुलिस ने नया बस स्टैंड से चोरी हुई एक यात्री बस को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 जून 2026 को प्रार्थी ने सूचना दी कि उसकी यात्री बस क्रमांक सीजी-10-जी-1601, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 22 लाख रुपये है, नया बस स्टैंड कोरबा से चोरी हो गई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान बस के कंडक्टर ने चोरी गई बस और संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर उसे कोहड़िया के पास पकड़ लिया तथा चौकी सीएसईबी रामपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ में आरोपी मनजीत सिंह टोप्पो (31 वर्ष), निवासी बंधियापारा सिल्ली, थाना पाली, जिला कोरबा ने बस चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई बस सुरक्षित बरामद कर जब्त कर ली है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग और सतर्कता से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

