सीनियर क्लब में ताइक्वांडो प्रशिक्षण शिविर शुरू, 12 जून तक बच्चों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

कोरबा। हसदेव ताप विद्युत संयंत्र, कोरबा पश्चिम स्थित सीनियर क्लब (रविंद्र सांस्कृतिक भवन परिसर) में जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ताइक्वांडो प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को खेलों से जोड़ते हुए उनकी प्रतिभा को निखारना और उन्हें प्रतियोगी स्तर के लिए तैयार करना है।

हसदेव ताप विद्युत संयंत्र की ओर से प्रशिक्षण में भाग लेने वाले बच्चों के लिए ताइक्वांडो खेल किट उपलब्ध कराई गई है। प्रशिक्षक लोकेश राठौर ने बताया कि नियमित अभ्यास और अनुशासित प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को आत्मरक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक क्षमता का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह प्रशिक्षण शिविर 12 जून तक संचालित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे और युवा उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रहे हैं।