टाइगर प्वाइंट की 200 फीट गहरी खाई में मिला लापता युवक का शव, सभी पहलुओं पर जांच

दो दिन से लापता था डीजे संचालक का बेटा, खाई में बाइक मिलने के बाद चला सर्च ऑपरेशन

कोरबा। बालकोनगर थाना क्षेत्र के टाइगर प्वाइंट के पास 200 फीट गहरी खाई में दो दिन से लापता युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नवनीत सिंह के रूप में हुई है, जो शहर के एक डीजे संचालक करमेन्द्र सिंह के पुत्र एवं जिला अधिवक्ता संघ के सदस्य रोमेश सिंह के भांजे थे।

जानकारी के अनुसार नवनीत 2 जून की रात से लापता थे।

परिजनों द्वारा लगातार उनकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 3 जून की शाम बालको-लेमरू मार्ग स्थित टाइगर प्वाइंट के नीचे खाई में एक बाइक दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना पर बालको पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण तलाश अभियान सफल नहीं हो सका।

गुरुवार सुबह दोबारा शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से करीब 200 फीट गहरी खाई में एक युवक का शव बरामद किया गया। बाहर निकालने पर उसकी पहचान नवनीत सिंह के रूप में हुई।

बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के अनुसार शव की स्थिति से अनुमान है कि मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और परिचित बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। युवक की असमय मौत से शहर में शोक का माहौल है।