11 हाथियों ने मचाया उत्पात, खड़ी फसल और संपत्ति को पहुंचाया नुकसान

कोरबा। कटघोरा वनमंडल के जटगा रेंज अंतर्गत बासीन सेक्टर के खाड़ीपारा गांव में मंगलवार देर रात हाथियों के एक दल ने जमकर उत्पात मचाया। लगभग 40 हाथियों के बड़े झुंड से अलग हुए 11 हाथियों ने गांव के समीप खेतों और रिहायशी क्षेत्र में घुसकर खड़ी फसल तथा संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे हाथियों का दल गांव पहुंचा और दो किसानों के खेतों में लगी धान की फसल को रौंद डाला। गजराजों ने खेतों की मेड़ें तोड़ दीं तथा एक किसान की बाड़ी में लगे केले के पेड़ और सब्जियों की फसल भी नष्ट कर दी। इतना ही नहीं, एक मकान की बाउंड्री वॉल को भी हाथियों ने धक्का मारकर गिरा दिया।

अचानक गांव में हाथियों की आमद से ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोगों को पूरी रात जागकर बितानी पड़ी। घटना की सूचना मिलने पर बुधवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेंजर और वन अमले ने क्षति का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया तथा प्रभावित किसानों से आवेदन लेकर मुआवजा प्रक्रिया शुरू कर दी।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नुकसान का आकलन कर नियमानुसार प्रभावित किसानों को मुआवजा प्रदान किया जाएगा। विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों की गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की है।

गौरतलब है कि इन दिनों जटगा रेंज क्षेत्र में करीब 45 हाथी अलग-अलग झुंडों में विचरण कर रहे हैं। इनमें बासीन सेक्टर में सक्रिय 40 हाथियों के दल से अलग होकर 11 हाथी खाड़ीपारा गांव तक पहुंच गए थे।