प्रवेशोत्सव के साथ विद्यार्थियों को मिले गणवेश और पुस्तकें : कलेक्टर

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, स्कूलों की तैयारी और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर

कोरबा। नए शिक्षा सत्र की शुरुआत को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने निर्देश दिए हैं कि शाला प्रवेशोत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों को समय पर गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि सत्र के पहले दिन से ही बच्चों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रवेशोत्सव को उत्सव के रूप में मनाया जाए। उन्होंने स्कूलों की सूची, आवश्यक संसाधनों और वितरण व्यवस्था को समय रहते अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

बैठक में राजस्व और कृषि विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पटवारियों को डिजिटल सिग्नेचर, नक्शा बटांकन, डिजिटल किसान किताब, मसाहती गांवों के सर्वे और वनाधिकार पट्टा नामांतरण जैसे कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड योजना में प्रगति लाने और अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना से जोड़ने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के प्रकरणों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के अधिकारियों को बैनर, पोस्टर और अन्य माध्यमों से पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।

बैठक में बरसात के मौसम को देखते हुए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नालियों की सफाई, पेयजल स्रोतों के क्लोरीनेशन और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा स्ट्रीट वेंडरों के सम्मान, उनके मेधावी बच्चों के प्रोत्साहन और स्वच्छता के प्रति जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल एवं ओंकार यादव, एसडीएम, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।