पाली/कोरबा। पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चैतमा में डिस्पोजल फैक्ट्री के पास तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बाइक पर तीन लोग सवार थे, जिनमें से दो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बाइक सवार तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
वहीं कार में सवार दो लोगों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद की।
सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
सूचना मिलते ही चैतमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा रेफर कर दिया।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार हादसे में मृतकों और घायलों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मृतकों और घायलों की शिनाख्त कराने में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
