सुशासन शिविर में 547 आवेदनों का मौके पर निराकरण, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

कोरबा। सुशासन तिहार 2026 के तहत पाली विकासखंड के डोंगानाला में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर में प्राप्त 1552 आवेदनों में से 547 का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत प्रदान की गई, जबकि शेष आवेदनों के परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

शिविर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किया।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत डोंगानाला की मां गायत्री स्व-सहायता समूह की महिलाओं को 10 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

कृषि विभाग द्वारा बकसाही के बूंद राम मरकाम एवं खैरा डुबान के कृष्णा सिंह को 7-7 एचपी के पावर वीडर, शशि टेकाम को 3 एचपी का पेट्रोल चालित पंप तथा दो किसानों को ढैंचा बीज उपलब्ध कराया गया। खाद्य विभाग ने पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए, वहीं जनपद पंचायत विभाग द्वारा पेंशन स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए।

समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण एवं ट्रायसाइकिल वितरित की। राजस्व विभाग ने किसानों को डिजिटल किसान किताबें प्रदान कीं, जबकि वन विभाग ने पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार पट्टे सौंपे। शिक्षा विभाग के माध्यम से 14 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया गया। मत्स्य विभाग ने एक हितग्राही को मत्स्य जाल और आइस बॉक्स प्रदान कर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी भी दी गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि शेष आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।